अमित मिश्रा
वैनी (सोनभद्र) । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कन्हैया, सहायक प्राध्यापक विनय कुमार आनंद, वरिष्ठ कार्यालय अध्यक्ष गीता नाथ झा एवं कर्मचारी अमरेश के नेतृत्व में पोस्टर-बैनर के साथ आसपास के गांवों से होते हुए प्राथमिक विद्यालय पवनी पटवध तक पहुंची।
रैली के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी तथा हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व को समझाया। बच्चों से अपील की गई कि वे अपने परिवारजनों को वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इसके पश्चात आयोजित बौद्धिक संगोष्ठी में वरिष्ठ प्राध्यापक श्री राकेश कुमार सिंह ने सड़क सुरक्षा नियमों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही स्वयंसेवकों ने कविता और भाषण के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए।

लंच एवं जलपान के बाद द्वितीय सत्र में ‘वित्तीय साक्षरता एवं वित्तीय साइबर अपराध’ विषय पर बौद्धिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पवनी शाखा के शाखा प्रबंधक अनुराज कुमार एवं अभिषेक कुमार मुख्य वक्ता रहे। अनुराज कुमार ने बैंकिंग नियमों, खाता खोलने की प्रक्रिया, वित्तीय प्रबंधन तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने किसी भी व्यक्ति से बैंक विवरण या ओटीपी साझा न करने, संदिग्ध लिंक न खोलने और साइबर अपराध की स्थिति में साइबर पुलिस सेल से संपर्क करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसा कोई प्रावधान नहीं है।
अभिषेक कुमार ने वित्तीय प्रबंधन के लिए 50:30:20 नियम अपनाने पर जोर दिया। वहीं वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक विनय कुमार आनंद ने लघु बचत योजनाओं, म्यूचुअल फंड और शेयर बाजार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। पूरे कार्यक्रम का संचालन NSS कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कन्हैया द्वारा किया गया।






