म्योरपुर खेल मैदान से निकली भव्य कलश यात्रा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

O श्री विष्णु महायज्ञ का हुआ शुभारंभ,श्रीराम कथा आज से

म्योरपुर (सोनभद्र)
सोमवार की सुबह म्योरपुर खेल मैदान से श्री विष्णु महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर बड़े ही धूमधाम के साथ कलश यात्रा निकाली
गई। इस पावन अवसर पर सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से यात्रा में सहभागिता की। कलश यात्रा खेल मैदान से प्रारंभ होकर रामलीला मैदान होते हुए जेटखेरे नदी तक पहुंची, जहां ब्राह्मणों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ कलश में पवित्र जल भरवाया गया। इसके उपरांत सभी कलशों को यज्ञ स्थल पर लाकर श्रद्धापूर्वक स्थापित किया गया।कलश यात्रा की अगुवाई यज्ञ आयोजन समिति के अध्यक्ष सोनबच्चा अग्रहरी ने की। इस अवसर पर दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री जीत सिंह खरवार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गणेश जायसवाल, सुजीत कुमार, आशीष अग्रहरी, जितेंद्र गुप्ता, रमाशंकर गुप्ता, दिनेश गुप्ता, रविशंकर मनदीप सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।आयोजन समिति ने जानकारी दी कि श्री विष्णु महायज्ञ के साथ-साथ श्रीराम कथा का वाचन श्री गोकुल धाम से पधारे अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित दिलीप कृष्ण भारद्वाज द्वारा किया जाएगा। यह कथा 16 फरवरी से 22 फरवरी तक प्रतिदिन आयोजित होगी, जिसमें श्रद्धालु कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।कलश यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। “जय श्री राम” के जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण गूंज उठा। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।आयोजन समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्री विष्णु महायज्ञ एवं श्रीराम कथा में सहभागिता करें और धर्मलाभ प्राप्त करें।

Leave a Comment

1357
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?