नौगढ़ में कुएं में गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत, गांव में मातम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के गोलाबाद गांव में मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार, रामेश्वर केशरी का पांच वर्षीय पुत्र हर्ष और सरोज यादव का नौ वर्षीय पुत्र अंकुश खेलते-खेलते गांव के बाहर मनवार जंगल की ओर चले गए थे। इसी दौरान पानी पीने के प्रयास में दोनों का पैर फिसल गया और वे गहरे अर्ध-निर्मित कुएं में गिर पड़े। इस घटना को बच्चों की बहनें निधी और कृति ने देखा, जो रोते-चिल्लाते गांव पहुंचीं और परिजनों को जानकारी दी।

सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को कुएं से बाहर निकालकर तत्काल नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. सत्य सिंह ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे बच्चों को निजी वाहन से अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक जांच में पानी में डूबने की आशंका सामने आई। चिकित्सकीय टीम ने सीपीआर सहित अन्य प्रयास किए, लेकिन काफी समय तक पानी में रहने के कारण दोनों की पहले ही मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पर नौगढ़ एसडीएम विकास मित्तल और थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?