आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: डेढ़ कुंतल लहन नष्ट, 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र) । अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में छापेमारी कर लगभग 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की और करीब डेढ़ कुंतल (150 किलोग्राम) लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

दुद्धी के आबकारी निरीक्षक रविनंदन के नेतृत्व में टीम ने बभनी क्षेत्र के सागोबांध, कोंगा, चैनपुर, चपकी, अरझट, भंवर, बचरा और हथियार गांवों में संदिग्ध घरों व झुग्गी-झोपड़ियों की सघन तलाशी ली। छापेमारी के दौरान अवैध शराब बनाने में प्रयुक्त तीन भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया गया।

अभियान की भनक लगते ही कई अवैध कारोबारियों ने मौके से भागने की कोशिश की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आबकारी निरीक्षक रविनंदन ने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश और आबकारी आयुक्त के आदेश के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होने दी जाएगी।

साथ ही टीम ने बभनी, परसाटोला और महुअरिया मोड़ स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब दुकानों का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच की।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की लगातार कार्रवाई से ग्रामीण अंचलों में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगेगा और जनस्वास्थ्य को होने वाले खतरे में कमी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?