ट्रक की चपेट में आकर 14 वर्षीय किशोर की मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- आधार कार्ड संशोधन कर छत्तीसगढ़ से लौटते समय हादसा, चालक हिरासत में

बभनी (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश–छत्तीसगढ़ सीमा से सटे सोनभद्र जिले में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसा बभनी–अंबिकापुर मार्ग पर मधुघूटरा के समीप उस समय हुआ, जब बाइक सवार युवक साइकिल सवार को बचाने की कोशिश कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार (14), पुत्र अशर्फी लाल, निवासी पतेरीटोला (बभनी) अपने परिचित विजय कुमार (22), पुत्र जगदेव, निवासी नवाटोला सतबहनी, तथा दो बच्चों—राकेश कुमार और काजल—के साथ छत्तीसगढ़ के वाड्रफनगर आधार कार्ड में संशोधन कराने गए थे। आधार कार्ड सुधार कर सभी बाइक से वापस लौट रहे थे।

बताया जाता है कि मधुघूटरा के पास अचानक सड़क पर एक साइकिल आ जाने से बाइक चालक ने बचाव के प्रयास में हैंडल मोड़ दिया। संतुलन बिगड़ने से बाइक सवार प्रमोद और दोनों बच्चे सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने प्रमोद को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक विजय कुमार तथा दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही बभनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवाया। पुलिस ने मृतक के पिता अशर्फी लाल की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार और भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही को लेकर एक बार फिर प्रश्न खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बभनी–अंबिकापुर मार्ग पर नियमित निगरानी और यातायात नियंत्रण की सख्त व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मासूम की असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Comment

1355
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?