जहर खुरानी से छह बकरियों की मौत, पशुपालकों में दहशत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

दुद्धि (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। संदिग्ध परिस्थितियों में एक किसान की आधा दर्जन बकरियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। पशु चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में इसे जहर खुरानी का मामला बताया है, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों में भय और आक्रोश का माहौल है।

घटना दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दुम्हान की है। यहां किसान शिवपूजन पुत्र अशरफी द्वारा पाली जा रही 14 बकरियां और उनके बच्चे घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित महुआ के पास पहुंच गए, जहां कथित तौर पर जहरीला पदार्थ रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि बकरियों ने उसे खा लिया, जिसके बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी।

जानकारी मिलते ही पशु स्वामी आनन-फानन में सभी बीमार बकरियों को निजी वाहन से पशु चिकित्सालय दुद्धी लेकर पहुंचे। वहां पशु चिकित्सकों ने छह बकरियों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार बकरियों की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। दो बकरियों की हालत नाजुक बनी हुई है, हालांकि उपचार के बाद उनके बचने की संभावना जताई जा रही है। शेष बकरियां सुरक्षित बताई जा रही हैं।

पशु स्वामी शिवपूजन ने आरोप लगाया है कि यह घिनौना कृत्य गांव के ही कुछ लोगों द्वारा किया गया है। उन्होंने मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांव में पशुपालकों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?