धान की पुनः खरीद से किसानों को राहत, संघर्ष के आगे झुकी व्यवस्था, एक–एक किसान की जीत : संदीप मिश्रा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

विशेष संवाददाता – अमित मिश्रा

सोनभद्र । धान खरीद को लेकर किसानों के लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार राहत की खबर सामने आई है। रामगढ़ क्रय केंद्र पर धान की पुनः खरीद शुरू होने के साथ ही किसानों का पूर्व निर्धारित धरना–प्रदर्शन सरकार द्वारा मांगें माने जाने के कारण धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम में परिवर्तित हो गया। इसे किसान हितों की दिशा में एक अहम कदम और “एक–एक किसान की जीत” के रूप में देखा जा रहा है।

किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर प्रस्तावित यह एकदिवसीय धरना, खरीद शुरू होने की घोषणा के बाद शांतिपूर्ण धन्यवाद सभा में बदल गया। मोर्चा की ओर से कहा गया कि यह सफलता किसानों की एकजुटता और सतत संघर्ष का परिणाम है, जिसने प्रशासन और सरकार को निर्णय लेने के लिए बाध्य किया।

इस अवसर पर किसानों के संघर्ष में सहयोग देने के लिए राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्रीकांत त्रिपाठी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं लोहिया वाहिनी के नेता विवेक पटेल तथा जनपद के जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह के प्रति विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया।

किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि केवल किसानों का ही धान खरीदा जाए। यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या बिचौलियों की शिकायत मिली, तो मोर्चा के कार्यकर्ता पुनः आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

कार्यक्रम में मृत्यंजय मिश्र, नागेंद्र ओझा, राजेश चौहान, आकाश चौहान, सोनू पासवान, शत्रुधन बिंद, रामरक्षा बिंद, राजकुमार, विवेक, धीरज कनौजिया सहित सैकड़ों किसानों की उपस्थिति रही। किसानों ने एक स्वर में कहा कि यह आंदोलन केवल धान खरीद तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले समय में किसान हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

धान की पुनः खरीद शुरू होने से क्षेत्र के अन्नदाताओं में भरोसा लौटा है और यह संदेश भी गया है कि संगठित किसान आंदोलन से व्यवस्था को जवाबदेह बनाया जा सकता है।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?