संवाददाता : सी एस पाण्डेय
बभनी (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के कोंगा गांव में रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ 15 वर्षीय गायत्री क्षेत्र पंचायत सदस्य हृदय नारायण की पुत्री बकरियों के लिए चारा काटते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। घायल किशोरी को तत्काल सीएचसी म्योरपुर में भर्ती कराया गया है।
परिजनों के अनुसार, गायत्री अपने घर के नजदीक स्थित बबूल के पेड़ पर चढ़कर चारा काट रही थी। पेड़ के ठीक ऊपर नमामी गंगे परियोजना की हाईटेंशन लाइन गुजरती है। चारा काटते वक्त पेड़ की एक डाल टूटकर सीधे विद्युत लाइन से संपर्क में आ गई, जिससे किशोरी तेज करंट की चपेट में आकर वहीं बेहोश हो गई। हादसे के बाद वह काफी देर तक पेड़ पर ही लटकी रही।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल बिजली विभाग से संपर्क कर लाइन बंद करवाई। आपूर्ति रुकते ही ग्रामीणों की मदद से गायत्री को नीचे उतारा गया और निजी वाहन से सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया गया। वहाँ तैनात चिकित्सक डॉ. अनुराधा ने प्रारंभिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया और इलाज जारी है।
हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। परिजन उसकी हालत को लेकर बेहद चिंतित हैं।







