अपना दल एस नेता ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा
सोनभद्र। बियार जाति को अनुसूचित जनजाति (एसटी) की सूची में शामिल करने की मांग को लेकर अपना दल एस के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश बियार ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। उन्होंने शासन स्तर पर मामले की आवश्यक जांच कर कार्रवाई की मांग की।
कहा कि बियार समुदाय सोनभद्र सहित कैमूर क्षेत्र के पहाड़ी और वन क्षेत्रों में लंबे समय से निवास करता आ रहा है। समुदाय की ओर से 1872 से 1941 तक की विभिन्न जनगणना रिपोर्ट, मिर्जापुर के जिला गजेटियर तथा अन्य ऐतिहासिक और सरकारी अभिलेखों का हवाला दिया गया है। दावा किया गया कि इन दस्तावेजों में बियार समुदाय का उल्लेख जनजातीय या वनवासी समूह के रूप में किया गया है।
दिनेश बियार ने कहा कि बियार समुदाय की पारंपरिक जीवनशैली वन एवं कृषि आधारित रही है। ज्ञापन में 1951 के सरकारी अभिलेख, 1956 के अधिनियम तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न गजेटियर में समुदाय के उल्लेख का भी दावा किया गया है। साथ ही वर्ष 1991 और 1999 में संसद में बियार जाति को अनुसूचित जनजाति घोषित करने की मांग उठाए जाने का उल्लेख किया गया है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग पर शासन गंभीरता से विचार करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत बियार जाति को एसटी सूची में शामिल करने की पहल करे।









