सोनभद्र। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जनपद सोनभद्र में संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का काला फीता बांधकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर काला फीता बांधकर शासन की नीतियों के प्रति विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का एनएचएम में समायोजन तथा अन्य लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं देने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों के समान सुविधाएं एवं वेतन नहीं मिल पा रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि काला फीता बांधकर किया जा रहा यह सांकेतिक प्रदर्शन शासन और प्रशासन तक मांगों को पहुंचाने का शांतिपूर्ण माध्यम है। यदि शासन स्तर से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि 8 अक्टूबर से कर्मचारी इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर कार्य बहिष्कार करते हुए अपने-अपने कार्यस्थलों एवं मुख्यालय पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा तथा सभी कर्मचारी 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। कर्मचारियों ने एकजुट होकर कहा कि उनकी मांगें न्यायसंगत हैं और वे अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे।









