वनाधिकार अधिनियम के तहत आदिवासियों को मिले जमीन का पट्टा: रोशन लाल यादव

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

सोनभद्र ।  चतरा ब्लॉक के पटना गांव के सैकड़ों आदिवासियों ने सोमवार को सोनांचल संघर्ष वाहिनी के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आदिवासियों ने वनाधिकार अधिनियम के तहत पट्टे की मांग उठाई और जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। आंदोलनकारियों की ओर से मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि रामलाल यादव को सौंपा गया। 

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट रोशन लाल यादव ने कहा कि पटना रेंज के वनाधिकारी और कर्मचारीगण पटना गांव के गंदूडीह टोले में पुश्तैनी भूमि पर खेती कर रहे लगभग 200 आदिवासी परिवारों को जबरन रोक रहे हैं। इन परिवारों की आजीविका पूरी तरह इसी जमीन पर निर्भर है, जो उनकी पीढ़ियों से जोत-कोड में रही है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई न केवल अमानवीय है, बल्कि वनाधिकार कानून की भावना के विपरीत भी है। 

रोशन लाल यादव ने जिला प्रशासन से मांग की कि तत्काल वन समिति का गठन कर इन भूमियों पर काबिज आदिवासियों को कायम पट्टा प्रदान किया जाए ताकि उनके जीवनयापन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं संगठन के राष्ट्रीय सचिव अमरनाथ चेरो ने वन विभाग की ओर से की जा रही उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयों पर कड़ी आपत्ति जताई और तत्काल रोक लगाने की मांग की। 

आंदोलन में दीपक गिरी, संदीप जायसवाल, सुदर्शन चेरो, अन्नू खां, सलमान खान, बलवंत यादव, ईश्वर चेरो, सियाराम चेरो, राजू चेरो, रामराज चेरो, जोगेंद्र चेरो, कमलेश चेरो, शांति, सुशीला, पुनिया, मुनिया, लालता, पंकज कुमार, नेपाली चेरो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। 

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर वनाधिकार अधिनियम के तहत न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Comment

1377
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?