अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। पत्रकारों के हितार्थ को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन 16 सितम्बर को मुख्यमंत्री को सम्बोधित सात सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेगा। इस सम्बंध में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ0 परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में जनपदों के जिलाधिकारी को 16 सितम्बर को मुख्यमंत्री को संबोधित सात सूत्रीय मांगों से संपूरित ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिसमें राज्य मुख्यालय लखनऊ में शासन द्वारा कार्यालय हेतु भवन आवंटित करने , ग्रामीण पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना से लाभान्वित करने , बीमा योजना में शामिल करने व दीर्घावधि से आंचलिक पत्रकारिता कर रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग पत्रकारों को पेंशन योजना का लाभ देने तथा ग्रामीण पत्रकारों के विरुद्ध कोई भी प्राथमिकी दर्ज करने से से पूर्व जिला पुलिस के राजपत्रित अधिकारी द्वारा अनिवार्य रूप से जाँच करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा तहसील स्तर पर प्रशासनिक अफसरों संग ग्रामीण पत्रकारों की नियमित बैठक कराए जाने , प्राकृतिक आपदा अथवा दुर्घटना में मृत पत्रकार के परिजनों को पाँच लाख की सहायता राशि एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से 20 लाख की मदद करने की भी प्रमुख एवं आवश्यक माँगे सम्मिलित हैं।
जनपद के पत्रकारों से जिलाध्यक्ष ग्रापए ने अपील की है कि सभी पत्रकार 16 सितम्बर को ससमय अर्थात 11बजे कलेक्ट्रेट में समुपस्थित होकर प्रतिभाग करें, जिससे पत्रकारों के जीवन से जुड़ी भावनाओं को सम्यक रूप से गति मिले और इसके परिपूर्णता की परिणति साकार हो।







