अमित मिश्रा
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत तिरंगा यात्रा आयोजित की गयी। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय परिसर से एमजीआर बस्ती और बस स्टैंड में घर-घर जाकर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के पावन दिवस पर हर घर तिरंगा फहराने के लिए स्थानीय निवासियों से जनसम्पर्क किया।
एनएसएस इकाई प्रथम और तृतीय के सौजन्य से बस्ती के लोगों के बीच 200 तिरंगा का वितरण भी किया गया। इस दौरान सहभागी स्वयंसेवकों द्वारा गगनचुम्बी देशभक्ति नारों ने सभी राहगीर का मनमोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी परिसर के प्रभारी डॉ प्रदीप कुमार यादव और समाजसेवी गुलाब सिंह ने संयुक्त रूप से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। डॉ मानिक चंद पाण्डेय ने तिरंगा यात्रा के उद्येश्य पर सभी का ध्यान आकर्षित करते हुये तिरंगा को हर भारतीय की आन, बान और शान बताया। अभियान का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ विनोद कुमार पाण्डेय और डाॅ छोटे लाल प्रसाद ने किया।
तिरंगा जागरुकता यात्रा में हिमांशु, राहुल, ज्योति, पल्लवी, पंकज, अनुष्का, खुशबू, रूपा, अमृता, शबा, सुमित आदि का सराहनीय योगदान रहा।







