बकरीद के लिए लगा बकरों का मेला, 55 हजार से डेढ़ लाख तक में बिके बुलंद बकरे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

वीरेंद्र कुमार

विंढमगंज (सोनभद्र) । विकासखंड दुध्दी के अंतर्गत ग्राम पंचायत बुटबेढवा में लगने वाला साप्ताहिक बकरी बाजार इन दिनों बकरीद पर्व को लेकर खासा गुलजार है। इस एकमात्र साप्ताहिक बाजार में सोमवार को कुर्बानी के लिए एक से बढ़कर एक बुलंद और खूबसूरत बकरे पहुंचे, जिन्हें देखने और खरीदने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी।

इस दौरान झारखंड के नगर उंटारी से आए नूर मोहम्मद ने एक शानदार चार फीट ऊंचे बकरे को 55,786 रुपये में खरीदा। वहीं, इकबाल अहमद कुरैशी ने एक साथ तीन बड़े और हट्टे-कट्टे बकरों की कुर्बानी के लिए 1,85,000 रुपये में खरीदारी की।

बकरी बाजार के ठेकेदार अलीनातिक कुरैशी ने जानकारी दी कि यह बाजार वर्षों से लगता आ रहा है और बकरीद के अवसर पर इसकी रौनक चरम पर होती है। सिद्धी, सतना, बभनी, बकरीहवा, सनावल सहित झारखंड के अनेक गांवों से व्यापारी और खरीदार यहां आते हैं।

खास बात यह है कि बकरे की कीमत उसकी कद-काठी, सेहत और खूबसूरती के आधार पर लगती है, जिसे खरीददार “नजराना” कहकर अदा करते हैं।

इस मौके पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर सुहेल खान उर्फ नन्हे ने बताया कि बकरीद, जिसे ईद-उल-अजहा कहा जाता है, पैगंबर इब्राहिम की अल्लाह के प्रति भक्ति की याद में मनाई जाती है। इस पर्व की कुर्बानी का मकसद केवल जानवर का बलिदान नहीं, बल्कि अल्लाह के प्रति समर्पण और उसकी आज्ञा के पालन का प्रतीक है।

त्योहार की तैयारी और बाजार की रौनक यह साफ दिखाती है कि लोग न केवल धार्मिक भावना से प्रेरित होकर खरीदारी कर रहे हैं, बल्कि पारंपरिक रीति-रिवाजों को भी सजीव बनाए हुए हैं।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?