अघोषित विद्युत कटौती पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर किया प्रदर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी. एस. पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र) । बिजली विभाग की मनमानी और अघोषित विद्युत कटौती के खिलाफ गुरुवार को बभनी बाजार में सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। बिजली आपूर्ति की लगातार बिगड़ती स्थिति से परेशान उपभोक्ताओं ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया और तत्काल समस्या के समाधान की मांग की।

बभनी विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले चपकी, सागोबाध, आसनडीह समेत कई गांवों में बीते तीन दिनों से रात के समय अघोषित रूप से बिजली आपूर्ति ठप कर दी जा रही है। इससे परेशान ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें दिन में महज 8 से 10 घंटे ही बिजली मिल रही है, बाकी समय अंधेरे में गुजारना पड़ रहा है।

प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ताओं ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में बिजली कटौती के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर कई बार शिकायत की गई, लेकिन न तो कोई संतोषजनक जवाब मिला और न ही समस्या का समाधान। विभागीय अधिकारी अघोषित कटौती से ही इनकार कर रहे हैं, जबकि असलियत यह है कि बभनी, असनहर, डूभा, संवरा, घघरी, पोखरा सहित दर्जनों गांवों में लोग अंधेरे में जीवन जीने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इन दिनों जहरीले जन्तुओं का खतरा भी बढ़ गया है, ऐसे में रात में बिजली न रहने से उनकी चिंता और भय और भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द अघोषित विद्युत कटौती पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शन में उपेंद्र कुमार जयसवाल, ग्यासुद्दीन, मो. इकबाल, विकास, कृष्णानंद शर्मा, पवन कुमार, अनुज कुमार, मो. असलम, नंदकिशोर, रितिक, सोनू शर्मा और अंजनी पाण्डेय सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। इन सभी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Leave a Comment

1443
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?