चैत्र प्रतिपदा पर निकली भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा नगर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O – शोभायात्रा में राम दरबार की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

बभनी (सोनभद्र) । चैत्र प्रतिपदा के शुभ अवसर पर हिंदू नव वर्ष का स्वागत भव्य शोभायात्रा के साथ किया गया। बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों के नेतृत्व में रविवार को यह विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा नगर जय श्री राम, भारत माता की जय और हर हर महादेव के जयघोषों से गूंज उठा।

शोभायात्रा का शुभारंभ रिंहद नगर स्वागत गेट से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए बभनी बाजार पहुंची। यात्रा का समापन भारत माता की भव्य आरती के साथ हुआ। इस शोभायात्रा की विशेषता राम दरबार की सुंदर झांकी रही, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

इस दिव्य यात्रा की अगुवाई संदीप गुप्ता, उपेंद्र सिंह और मनोज पाण्डेय ने की। शोभायात्रा रिंहद नगर से नेमना, चेतवा, जरहां, सेवाडांड, अंजानी, बखरिहवां, चपकी और असनहर होते हुए बभनी बाजार पहुंची। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। शोभायात्रा में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें रहीं, सभी वाहनों पर भगवा ध्वज लहरा रहे थे। इस पावन अवसर पर सभी ने एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।

जिला संयोजक संदीप गुप्ता ने बताया कि भारतीय संस्कृति के पुनरुत्थान एवं गौरव को स्थापित करने के उद्देश्य से हिंदू नव वर्ष को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। शोभायात्रा में अनिल त्रिपाठी, विकास रावत, चंदन गुप्ता, संतोष गुप्ता, मंडप अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा, शशिकांत दुबे, सूर्यकांत जायसवाल, रामकुमार यादव, अखिलेश गुप्ता, संजय जायसवाल, जेपी जायसवाल, ऋषिकेश पाण्डेय सहित अनेक श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता सम्मिलित रहे।

नगर में सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय अपनी पूरी टीम के साथ मुस्तैद रहे। इस शोभायात्रा ने न केवल श्रद्धालुओं के मन में भक्ति की भावना जागृत की, बल्कि समाज में सांस्कृतिक एवं धार्मिक एकता का भी संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?