रैन बसेरा व अलाव स्थलों का एडीएम ने रात्रि के समय परखी व्यवस्था

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

डिवाइडर व फ्लाई ओवर के नीचे कोई व्यक्ति शीत लहर में मिले तो तुरंत पहुंचाये रैन बसेरा:- सहदेव मिश्रा

सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में पड़ रही ठण्ड को देखते हुए जिलाधिकारी बीएन सिंह के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहदेव कुमार मिश्र द्वारा प्रत्येक दिवस जनपद के विभिन्न तहसील क्षेत्रो में संचालित रैन बसेरों एवं अलावों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शीतलहरी से उत्पन्न होने वाली समस्याओं एवं अलाव की व्यवस्था उपलब्ध कराये जाने हेतु नगर पालिका परिषद सोनभद्र के अधिशासी अधिकारी व कार्मिकों व आपदा विशेषज्ञ के साथ रात्रि में रैन बसेरो रोडवेज बस स्टेशन आदि विभिन्न चौराहों व स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा गया।

इस दौरान रेन बसेरों में गद्दा, कंबल, पेयजल, प्रकाश व शौचालय आदि की व्यवस्था उपलब्ध पाई गई। वही संचालित रैन बसेरों के समीप तिराहे-चौराहे पर अलाव जलाते हुए पाए गए। नगर पालिका द्वारा संचालित रैन बसेरों में कार्मिक की ड्यूटी भी तैनात मिली। रेन बसेरा व सेल्टर होम में रुकने वाले व्यक्तियों का विवरण रजिस्टर में उल्लेखित पाया गया तथा नगर पालिका के अंतर्गत रैन बसेरों में ठहरने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई, उनके द्वारा रैन बसेरों में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था व समस्या के बारे में नहीं बताया गया।

उक्त के क्रम में संबंधित अधिकारी व कार्मिकों को निर्देशित किया गया कि रैन बसेरे में आने वाले सभी यात्रियों व व्यक्तियों के सुविधाओं का ध्यान देते साफ-सफाई, मच्छरों से बचने व मनोरंजन आदि की व्यवस्था उपलब्ध कराने तथा रैन बसेरे में आने वाले सभी यात्रियों व व्यक्तियों को रजिस्टर में पंजीकृत निश्चित रूप से किया जाए तथा विभिन्न चौराहों आदि स्थानो पर आने वाले राहगीरों व जरूरतमंद यात्रियों व व्यक्तियों सहित कुल-40 लोंगों को कंबल वितरण किया गया।

जनपद के विभिन्न रैन बसेरों में आने हेतु प्रचार-प्रसार करने व किसी भी व्यक्ति को फुटपाथ पर ना सोने पाया जाय के निर्देश भी निर्गत किये गये। उन्होंने निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद के उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि भ्रमण कर सार्वजनिक स्थानों पर स्थाई व अस्थाई रैन बसेरों व जलाए जाने वाले अलाव स्थलों का निरीक्षण का कार्य सुनिश्चित करें। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी निरीक्षण के दौरान खुले आसमान के नीचे सड़क, पटरी, सड़क के डिवाइडर पर सोता हुआ कोई व्यक्ति मिले तो उसे संबंधित रैन बसेरा में ठहरने की व्यवस्था की जाए एवं नगर क्षेत्र के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा गया कि विभिन्न स्थाई एवं अस्थाई रैन बसेरों में समुचित समस्त व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें तथा जिसमें किसी भी प्रकार की किसी भी व्यक्ति को कोई समस्या उत्पन्न ना हो।

जिलाधिकारी के दिशा-निर्देश के क्रम में समस्त तहसीलों के उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार द्वारा तथा जिला स्तर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं अन्य अधिकारीगण द्वारा रात्रि में सार्वजनिक स्थलों पर निरंतर भ्रमण कर शीतलहरी के दृष्टिगत आवश्यक कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सोनभद्र द्वारा भी रैन बसेरों में साफ-सफाई एवं स्वच्छ विस्तरों की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। रैन बसेरों में आश्रय लिए हुए लोगों के लिये आवश्यक व्यवस्थायें जैसे-शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शौचालय, अलाव व हीटर, सीसी टीवी, लाकर तथा साफ-सुथरे रजाई व कम्बल, गद्दा, चादर, तकिया, एवं विस्तरों आदि की व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गई। विभिन्न स्थानों पर जलाये जाने वाले अलावों का निरीक्षण भी किया गया। जिसमें प्रभारियों को सुरक्षित अलाव जलाये जाने के निर्देश दिये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?