चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील के बाघी गांव में सोमवार को किसानों के लिए बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वरुण संस्था के तत्वावधान में और कृषि विज्ञान संस्थान, बीएचयू वाराणसी के सहयोग से हुआ। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों के 140 किसानों को शंकर मक्का का बीज निःशुल्क वितरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि वैज्ञानिक प्रोफेसर प्रतीक सिंह ने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मक्का की बुवाई लाइन में और उचित दूरी बनाकर करने से फसल की वृद्धि बेहतर होती है, जिससे उत्पादन में वृद्धि होती है।
वरुण संस्था के सचिव डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि मोटे अनाजों का उत्पादन और उनका सेवन दोनों ही स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संस्था द्वारा चंदौली और सोनभद्र जनपदों के विभिन्न गांवों में किसानों को जागरूक करने और कृषि विकास से जुड़े कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर वरुण संस्था के मोटिवेटर विजेंद्र कुमार सहित कार्यकर्ता विनोद, पप्पू, गणेश, महादेव और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।







