मोदी युग के 12 वर्ष: सोनभद्र में गूंजा हरिकीर्तन, विधायक भूपेश चौबे ने महाकालेश्वर मंदिर में किया विशेष पूजन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- प्रधानमंत्री के दीर्घायु और राष्ट्र की उन्नति के लिए हुई प्रार्थना, सैकड़ों लोगों में बांटा गया प्रसाद

सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया इतिहास रचने के अवसर पर सोनभद्र में भक्ति, उत्साह और राष्ट्रगौरव का अनूठा संगम देखने को मिला। चुर्क स्थित महाकालेश्वर मंदिर परिसर में विशेष हरिकीर्तन, पूजन-अर्चन और प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व राबर्ट्सगंज सदर विधायक भूपेश चौबे ने किया। उन्होंने भगवान महाकाल और पवनपुत्र हनुमान की पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उपस्थित लोगों को प्रसाद वितरित किया गया तथा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। राबर्ट्सगंज स्थित राम जानकी मंदिर में भी विशेष पूजा-पाठ का आयोजन हुआ।

विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की आजादी के बाद निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सर्वाधिक अवधि तक देश सेवा कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति, वैश्विक कूटनीति और जनकल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त, आत्मविश्वासी और निर्णायक राष्ट्र के रूप में उभरा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहा है।

नगर अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है, जिससे देश में सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन की नई धारा प्रवाहित हुई है।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, पूर्व चेयरमैन कृष्णमुरारी गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अजीत रावत, मंडल अध्यक्ष दिलीप चौबे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान “भारत माता की जय” और “मोदी-मोदी” के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।

Leave a Comment

1494
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?