गोष्ठी मे वक्ताओं ने कहा – शोषितों के मसीहा थे मान्यवर
सोनभद्र। शुक्रवार को बहुजन आंदोलन के महान चिंतक मान्यवर कांशीराम की पुण्यतिथि समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर संगोष्ठी आयोजित कर मनाई गई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष राम निहोर यादव ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने कहा था कि जिस समाज का इतिहास भुला दिया जाता है, उसका भविष्य सुरक्षित नहीं होता। वे दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों, किसानों, नौजवानों और महिलाओं के मसीहा थे। अपनी मेहनत से उन्होंने बहन कुमारी मायावती को मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि आज उनके रास्ते पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव हर वर्ग के गरीबों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ रहे हैं।
सांसद छोटेलाल सिंह खरवार ने कहा कि मान्यवर कांशीराम आदिवासियों की आवाज बुलंद करने वाले चिंतक थे। उन्हीं की देन है कि शोषित, वंचित, पीड़ित समाज को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने बाबा साहब के संविधान को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।
संगोष्ठी को पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सचिव चौधरी यशवंत सिंह पटेल, जिला महासचिव मोहम्मद सईद कुरैशी, अनिल प्रधान, त्रिपुरारी गौड़, सरदार पारब्रह्म सिंह, डॉ. लोकपति सिंह पटेल, सुरेश यादव, अभय यादव, जेपी भारती, लालू भारती, रमेश कुमार बागी, पंडित कृष्णा शर्मा, सत्यम पांडे, बचोले प्रसाद पटेल, गुलाम यासीन, मिथिलेश कुमार सिंह, धीरज पाठक, दीपक केसरी, विनीत सरोज सहित दर्जनों वक्ताओं ने संबोधित किया।









