प्रथम दिन पिपलेश्वर धाम के कलाकारों ने किया ‘नारद मोह’ का जीवंत मंचन
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज
नगर के श्री रामलीला मैदान में 124 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक परंपरा को जीवंत रखते हुए श्री रामलीला समिति द्वारा आयोजित रामलीला का भव्य शुभारंभ गुरुवार देर रात मुकुट पूजन एवं वीर हनुमान जी के आह्वान के साथ हुआ।
शुभारंभ से पूर्व समिति के पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने नगर के प्राचीन ब्रह्मा बाबा मंदिर और बांके बिहारी मंदिर में पूजन-अर्चन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि आदर्श नगर पालिका सोनभद्र अध्यक्ष रूबी प्रसाद, समिति के संरक्षक जितेंद्र सिंह, अध्यक्ष पवन कुमार जैन और कोषाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से मुकुट पूजन कर लीला मंचन का औपचारिक शुभारंभ किया।
प्रथम दिन आदर्श श्री रामलीला मंडल पिपलेश्वर धाम सिंगरौली के कलाकारों ने ‘नारद मोह’ लीला का मनमोहक मंचन किया, जिसे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से देखा।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, समिति के संयोजक राम प्रसाद यादव, प्रमोद कुमार गुप्ता, आनंद मिश्रा, धर्मराज जैन, प्रशांत जैन, दीपक केसरवानी, कृष्ण मुरारी गुप्ता, बलराम सोनी, चंद्र कुमार केजरीवाल, हर्ष केसरी, रिशु सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।









