सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र में 11 एवं 12 सितंबर को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (SIH) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 40 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिनमें 29 सॉफ्टवेयर और 11 हार्डवेयर आधारित टीमें शामिल रहीं। 180 छात्र-छात्राओं ने अपने प्रोजेक्ट और कौशल का प्रदर्शन किया।
पहले दिन विशेषज्ञों और अतिथियों ने टीमों को प्रोजेक्ट में सुधार और नवीन तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए मार्गदर्शन दिया। दूसरे दिन सभी प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया गया। समन्वयक डॉ. प्रशांत पांडेय ने बताया कि चयनित प्रोजेक्ट को ग्रैंड फिनाले के लिए भेजा जाएगा।
मुख्य अतिथि स्मृति आर. नायक, मुख्य व्यवसाय अधिकारी, अदाणी पावर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नवाचार के साथ मूलभूत ज्ञान की विस्तृत जानकारी जरूरी है।
संस्थान के निदेशक प्रो. जी. एस. वर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए प्रतिभागियों, फैकल्टी और आयोजक टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नवाचार, तकनीकी दक्षता, टीमवर्क और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करते हैं।
कार्यक्रम में के. देवास नेसन, वाई. विष्णुवर्धन, संस्थापक एवं सीईओ एक्सपोसिस डेटा लैब्स और डॉ. अरविंदा कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन IEEE स्टूडेंट ब्रांच द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डॉ. अमोद कुमार तिवारी, डॉ. हिमांशु कटियार, डॉ. देवेंद्र कुमार त्रिपाठी, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. हरीश चंद्र उपाध्याय, डॉ. आशीष रंजन मिश्रा, डॉ. पी. के. वर्मा, डॉ. मैनेजर यादव, राम ईश्वर वैस, सिकंदर और आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।







