यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित: कुमारी सिंधु 95.17% व आकृति सिंह 90.60% अंक पाकर जिले में टॉपर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

O सोनभद्र में हाईस्कूल का 84.40% और इंटरमीडिएट का 85.82% रहा रिजल्ट

वरिष्ठ संवाददाता  रवि पांडेय….

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा गुरुवार की शाम हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया। परिणाम घोषित होते ही जिले के छात्र-छात्राओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सफल विद्यार्थियों के घरों में मिठाइयां बांटी गईं और बधाइयों का दौर शुरू हो गया। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि इस वर्ष सोनभद्र जनपद में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 84.40 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम 85.82 प्रतिशत दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में हाईस्कूल के परिणाम में बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष हाईस्कूल का परिणाम 81.66 प्रतिशत था, जो इस बार बढ़कर 84.40 प्रतिशत हो गया। वहीं इंटरमीडिएट का परिणाम पिछले वर्ष 89.59 प्रतिशत था, जो इस बार 85.82 प्रतिशत रहा। हाईस्कूल का आंकड़ा
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह के अनुसार, इस बार यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 27155 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 25386 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में सम्मिलित छात्रों में से 21426 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए हैं। इस प्रकार हाईस्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 84.40 प्रतिशत रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसका असर परिणाम पर भी दिखा।इंटरमीडिएट का आंकड़ा
इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 20856 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 19805 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा देने वाले छात्रों में से 16997 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस तरह इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 85.82 प्रतिशत रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने असफल छात्रों को निराश न होने और अगले वर्ष और अधिक मेहनत करने की सलाह दी।

हाईस्कूल में कुमारी सिंधु बनीं जिला टॉपर
हाईस्कूल के परिणाम में सोनांचल इंटर कॉलेज घोरावल की छात्रा कुमारी सिंधु ने 95.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। कुमारी सिंधु को 600 में से 571 अंक मिले हैं। दूसरे स्थान पर एसवीएमआईसी खड़िया योगीचौरा की छात्रा अनुप्रिया कुशवाहा रहीं, जिन्होंने 94.67 प्रतिशत अंक यानी 568 अंक प्राप्त किए। तीसरे स्थान पर सोनांचल इंटर कॉलेज घोरावल की ही छात्रा खुशी ने 94.33 प्रतिशत अंक (566) हासिल किए।

हाईस्कूल की मेरिट सूची में सोनांचल इंटर कॉलेज घोरावल के छात्रों का दबदबा रहा। टॉप टेन में इस विद्यालय के 5 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया। चौथे स्थान पर श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज मधुपुर के अभिमन्यु मौर्या 94.00 प्रतिशत (564) अंक के साथ रहे। पांचवें स्थान पर तीन छात्र रहे- संत जेवियर्स हाईस्कूल रॉबर्ट्सगंज के प्रभाष देव पांडेय, एसबीबी पटेल इंटर कॉलेज भगवास सरवट के सौरभ यादव और जनसेवा इंटर कॉलेज फुलवारी की शिवानी मौर्या, तीनों ने 93.50 प्रतिशत (561) अंक प्राप्त किए। आठवें स्थान पर भारती इंटर कॉलेज घोरावल के अभिषेक मिश्रा 93.33 प्रतिशत (560) अंक के साथ रहे। नौवें व दसवें स्थान पर सोनांचल इंटर कॉलेज घोरावल की महिमा व शीतल गुप्ता ने 93.00 प्रतिशत (558) अंक प्राप्त किए। इसके अलावा पंडित विद्याधर इंटर कॉलेज कबरी की स्वाती मौर्या 92.67 प्रतिशत (556) व रश्मि मौर्या 92.50 प्रतिशत (555), श्री चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज मधुपुर की अमृता वर्मा 92.33 प्रतिशत (554) और सोनांचल इंटर कॉलेज घोरावल के आदर्श राय 92.33 प्रतिशत (554) अंक के साथ टॉप सूची में शामिल रहे।

इंटरमीडिएट में आकृति सिंह ने मारी बाजी
इंटरमीडिएट के परिणाम में गुरुद्वारा इंटर कॉलेज चोपन की छात्रा आकृति सिंह ने 90.60 प्रतिशत अंक (453) प्राप्त कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर आदित्य बिरला इंटर कॉलेज रेणुकूट के हरिओम तिवारी 90.20 प्रतिशत (451) अंक के साथ रहे। तीसरे स्थान पर दो छात्र रहे- आदित्य बिरला इंटर कॉलेज रेणुकूट के कुशन कन्नौजिया और कलावती देवी शिक्षण संस्थान पगिया खैराही की स्नेहा कुमारी, दोनों ने 89.80 प्रतिशत (449) अंक प्राप्त किए।

पांचवें स्थान पर विमला इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज की श्यामिली यादव 89.60 प्रतिशत (448), छठे पर आरडी इंटर कॉलेज मोहिउद्दीन कोन के प्रिंस कुमार गुप्ता 89.00 प्रतिशत (445), सातवें पर डीएएसवीएम इंटर कॉलेज अनपरा की सुरभि 88.40 प्रतिशत (442) अंक के साथ रहीं। आठवें स्थान पर राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज की आकांक्षा मौर्या व शहजादा इंटर कॉलेज रामगढ़ की नीतू कुमारी दोनों ने 88.20 प्रतिशत (441) अंक प्राप्त किए। दसवें स्थान पर एमएस इंटर कॉलेज धौरहरा करमा की प्रतिभा सिंह व संगम इंटर कॉलेज रामगढ़ की श्रुति मौर्या 87.80 प्रतिशत (439), बारहवें पर जय ज्योति इंटर कॉलेज चुर्क के मानसू कुमार 87.60 प्रतिशत (438) तथा तेरहवें स्थान पर आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज रेणुकूट की निहारिका सिंह व आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज डाला की अन्नू कुमारी 87.20 प्रतिशत (436) अंक के साथ रहीं।

डीआईओएस ने दी बधाई
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा कि इस बार बोर्ड परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन हुई है। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व सचल दलों की सक्रियता से नकल पर पूरी तरह अंकुश लगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों के बच्चों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जो सराहनीय है। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी, जिनके मार्गदर्शन में बच्चों ने यह सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि जो छात्र इस बार सफल नहीं हो सके, वे हताश न हों और अगली बार दोगुनी मेहनत से तैयारी करें।परिणाम घोषित होने के बाद जिले के विभिन्न विद्यालयों में जश्न का माहौल रहा। टॉपर्स के घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कई विद्यालयों में प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों ने मेधावी छात्रों को मिठाई खिलाकर व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

Leave a Comment

1446
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?