फायर बिग्रेड नही होने से आग बुझाने के लिए बेबश दिखे ग्रामीण
घघरा गांव के तुरकमारा टोला में हजारों का सामान जलकर राख
बभनी(सोनभद्र/ उत्तर प्रदेश)। स्थानीय थाना क्षेत्र के घघरा ग्राम पंचायत के तुरकमारा टोला में गुरुवार को एक घर में भीषण आग लग गई। इस घटना में घर में रखा दस हजार रुपये नकद, अनाज और गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, डेढ़ वर्ष का एक बच्चा आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
यह घर देव प्रसाद का था, जो फिलहाल गुजरात में मजदूरी करने गए हुए हैं। घटना के समय उनकी पत्नी कलावती अपने तीन बच्चों के साथ महुआ बीनने गई थीं। उन्होंने अपने सबसे छोटे डेढ़ वर्षीय बेटे को घर में सुलाया था। महुआ बीनकर लौटने के बाद वह घर से लगभग दो सौ मीटर दूर पानी लेने चली गईं।
जब कलावती पानी लेकर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि उनके घर में आग लग चुकी थी। उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह घर में सो रहे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते घर में रखा अरहर, उड़द, धान, तिल सहित अन्य सभी घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के लिए कोई व्यवस्था न होने के कारण देव प्रसाद का परिवार और ग्रामीण असहाय होकर घर को जलते देखते रहे।
घटना की सूचना पीआरवी 112 को दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। जांच में पता चला कि बगल के खेत में लगी आग भीषण गर्मी के कारण फैलते हुए घर तक पहुंच गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। क्षेत्रीय लेखपाल को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है।






