चंदौली जिले के नौगढ़ ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रसोइयों ने मानदेय बढ़ाए जाने पर खुशी जताई। शासन ने परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की बढ़ोतरी की है। अब रसोइयों को प्रतिमाह दो हजार रुपये के स्थान पर तीन हजार रुपये मानदेय मिलेगा।

शासन के इस निर्णय की जानकारी मिलने पर नौगढ़ ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रसोइयों ने खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नौगढ़ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सीमित मानदेय के बावजूद रसोइये पूरी जिम्मेदारी और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं। मानदेय में वृद्धि उनके परिश्रम का सम्मान है।
खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कनौजिया ने रसोइयों को शुभकामनाएं देते हुए शासन के निर्णय को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ने से रसोइयों को आर्थिक राहत मिलेगी। शासन के निर्णय से प्रदेश के करीब 1.41 लाख परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को लाभ मिलेगा। इन विद्यालयों में लगभग 1.46 करोड़ विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष सरबजीत खरवार ने रसोइयों को कैशलेस कार्ड वितरित किए। सुशीला, प्रभावती, मोनिका, मीरा और लक्ष्मीना देवी समेत अन्य रसोइयों ने मानदेय बढ़ाए जाने पर प्रसन्नता जताई।
कार्यक्रम में बाघी प्रधान नीलम ओहरी, एआरपी संजीव सिंह, प्रधानाध्यापक श्रवण कुमार, लवकुश सिंह, सहायक अध्यापक आलोक तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।





