नीट पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में सुधार की उठाई मांग

सोनभद्र -। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (आरएएम) के पदाधिकारियों ने गुरुवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर लगातार उठ रहे सवालों से देश के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। संगठन का कहना है कि वर्षों की कठिन मेहनत और अभिभावकों के त्याग के बाद भी छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
मांग की गई कि नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए कथित पेपर लीक मामलों की जांच सर्वोच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराई जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों, परीक्षा माफियाओं और अन्य आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संगठन ने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू करने, राष्ट्रीय परीक्षा सुरक्षा तंत्र के गठन तथा प्रभावित विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की।
दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच, घायल छात्रों के निःशुल्क उपचार तथा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए परामर्श केंद्र स्थापित किए जाने की मांग भी शामिल रही l कहा कि देश का युवा अपनी मेहनत के अनुरूप न्याय और समान अवसर चाहता है। उन्होंने राष्ट्रपति से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में मदन मोहन मिश्रा, भानु तिवारी, कृष्ण भूषण पांडेय, मनीष तिवारी, शिवा मिश्रा, सक्षम केशरी, निखिल चौबे, अविनाश पांडेय, शिव प्रकाश पांडेय, आलोक मिश्रा, दीपक मिश्र, स्वयं शुक्ला, प्रभात पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

1519
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?