सोनभद्र। युवाओं के रोजगार, सम्मान और अधिकारों की आवाज बुलंद करने के उद्देश्य से शुक्रवार को तिरंगा यात्रा एवं युवा अधिकार यात्रा निकाली गई। युवा शक्ति सोनभद्र के नेतृत्व में निकली यात्रा का शुभारंभ अकड़हवा पोखरा से हुआ और कलेक्ट्रेट पहुंचकर समापन किया गया। इस दौरान युवाओं ने स्थानीय उद्योगों में रोजगार में प्राथमिकता और युवाओं के अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।
आयोजकों ने कहा कि ‘युवा सशक्तिकरण मिशन—रोजगार हेतु स्थानीय उद्योग यात्रा’ के माध्यम से जिले के युवाओं की समस्याओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। यात्रा में ‘युवा शक्ति की यही पुकार—रोजगार, सम्मान और अधिकार’ के नारे गूंजे।
अभिषेक चौबे, अधिवक्ता हाईकोर्ट एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष विधि मंच अपना दल (एस) ने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर और उद्योगों में प्राथमिकता मिलना जरूरी है। युवाओं को अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी चाहिए। यात्रा में अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिनेश बीयार, जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल, जिलाध्यक्ष अंजनी पटेल, आलोक पांडेय, अभिषेक पटेल, प्रीति सिंह राजपूत, सुरजीत पटेल, विनोद यादव, अरुण पटेल, अंशु तिवारी, स्नेहलता पांडेय, आसिफ अहमद, हरिप्रसाद धांगर समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।






