सावन के प्रथम मंगलवार पर विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सोनभद्र – सावन मास के प्रथम मंगलवार के पावन अवसर पर लोढ़ी स्थित जिला चिकित्सालय के सामने हनुमान मंदिर परिसर में श्री प्रमोद जी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिवार की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भाव से आयोजित इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं, मरीजों, तीमारदारों तथा राहगीरों सहित हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से भगवान हनुमान के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद दोपहर से शुरू हुए प्रसाद वितरण में लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम की संरक्षक डॉ. मनोरमा मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि सावन का महीना श्रद्धा, सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. सुधीर कुमार मिश्र ने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल के सामने भंडारा आयोजित होने से मरीजों के परिजनों, तीमारदारों और राहगीरों को भी प्रसाद ग्रहण करने का अवसर मिला। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भंडारे में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. मनकाना शुक्ला, अनिल पाठक, डॉ. दीपचंद्र शुक्ला, प्रदीप कुमार, अनिल कुमार, आनंद कुमार, दीपक पटेल, अमित कुमार मिश्र, मयंक मिश्रा, मानस मिश्रा, सुगम मिश्रा सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय सहयोग किया। देर शाम तक प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा।

Leave a Comment

1524
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?