पेड़, जंगल और विस्थापन के मुद्दे पर गरजे ग्रामीण, संदीप मिश्र बोले- ‘एक भी आदिवासी परिवार का घर उजड़ने नहीं देंगे’

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- सोनभद्र में आदिवासियों का बड़ा प्रदर्शन, जंगल बचाने की हुंकार, संदीप मिश्र का सरकार को खुला संदेश

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । सोनभद्र जिले के नगवा ब्लॉक स्थित पपड़हवा ग्राम पंचायत में रविवार को ‘पेड़ है तो प्राण है’ अभियान के तहत फलदार पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा को लेकर प्रदर्शन किया तथा संभावित विस्थापन और वन कटान के विरोध में आवाज बुलंद की।

सभा को संबोधित करते हुए संदीप मिश्र ने कहा कि सोनभद्र के प्राकृतिक संसाधनों और आदिवासी समुदाय के अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और उद्योगपतियों की मिलीभगत से आदिवासी क्षेत्रों में विकास के नाम पर लोगों को विस्थापित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एक भी आदिवासी परिवार का घर उजड़ने नहीं दिया जाएगा। उनका कहना था कि यदि औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित करनी हैं तो ऐसी जगह लगाई जाएं, जहां किसी परिवार का विस्थापन न हो और बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की आवश्यकता न पड़े।

संदीप मिश्र ने कहा कि सरकारों का दायित्व जनता के सहयोग और संरक्षण का होता है, न कि जनभावनाओं की अनदेखी कर लोगों को उनके घरों और जंगलों से बेदखल करने का। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आदिवासियों के अधिकारों पर आंच आई तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सुदामा चेरो ने कहा कि ग्रामीणों की सहमति के बिना क्षेत्र में किसी भी कंपनी को स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य विन्दू अगरिया ने कहा कि जंगल उनके जीवन का आधार हैं और उनकी रक्षा के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।

ग्रामीण राम बहाल खरवार ने कहा कि क्षेत्र के औषधीय पौधों और घने जंगलों ने कोरोना महामारी के दौरान भी लोगों को लाभ पहुंचाया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्राकृतिक संसाधनों को किसी भी कीमत पर नष्ट नहीं होने दिया जाएगा और ग्रामीण अपने जंगलों की सुरक्षा के लिए एकजुट हैं।

कार्यक्रम के दौरान फलदार पौधों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर राम बहाल खरवार, विन्दू अगरिया, गुलाब चेरो, मुनिया खरवार, प्रमिला खरवार, शत्रुधन बिंद, आकाश चौहान, दिनेश चेरो, सुरेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

1515
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?