किसानों की समस्याओं को लेकर विध्य किसान मंच की भूख हड़ताल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

O- पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश मिश्रा बोले, खाद नहीं मिली तो जारी रहेगा आंदोलन

सोनभद्र। किसानों को खाद की भारी किल्लत झेलनी पड़ रही है और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में आज सोमवार को सदर तहसील परिसर में विध्य किसान मंच के बैनर तले किसान भूख हड़ताल करेंगे। इस हड़ताल का नेतृत्व पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश मिश्रा करेंगे।

रमेश मिश्रा ने कहा कि जिले में धान की रोपाई का समय चल रहा है, लेकिन साधन सहकारी समितियों और बाजार की दुकानों पर खाद उपलब्ध नहीं है। किसान लाइन में खड़े हैं, लेकिन प्रशासन और जनप्रतिनिधि केवल घोषणाओं और होर्डिंग्स में व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि आजकल अपने महिमामंडन में इतने लीन हैं कि किसानों की तकलीफें उन्हें दिखाई ही नहीं दे रहीं।

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “सरकार किसानों को खाद देने के बजाय ‘श्री अन्न’ की खेती का सुझाव दे रही है। किसानों को मुफ्त सुझाव देकर उन्हें अठारहवीं सदी की ओर धकेला जा रहा है, जबकि देश अंतरिक्ष की उड़ान भरने की बात कर रहा है।” मिश्रा ने कहा कि यदि सरकार डीएपी और अन्य आवश्यक खाद तत्काल उपलब्ध नहीं कराती है, तो यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, लेकिन जब बुवाई के समय खाद नहीं मिलेगी तो उत्पादन ही आधा रह जाएगा, ऐसे में आय दोगुनी कैसे होगी?

मिश्रा ने अधिकारियों से मांग की कि किसानों की व्यथा को समझें और प्राथमिकता के आधार पर खाद की व्यवस्था कराएं। उन्होंने कहा कि किसान अब चुप नहीं बैठेंगे और आज तहसील परिसर में शांतिपूर्ण भूख हड़ताल के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

किसानों की निगाहें अब प्रशासन पर टिकी हैं, देखना है कि यह आंदोलन कितनी तेजी से असर दिखाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?