सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के धोबही गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ है। बाइक सवार चार लोग पिकनिक मनाकर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक खड़े ट्रैक्टर-ट्राली में जा भिड़ी। इस हादसे में दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है। मृतकों की पहचान मनीष शर्मा (24), रवि शर्मा (22) और शुभम (18) के रूप में हुई है। घायल अविनाश शर्मा (19) को वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी है। थाना प्रभारी माधव सिंह ने बताया कि पिकनिक मनाकर लौटते वक्त यह हादसा हुआ। बाइक सवार युवक पन्नूगंज थाना क्षेत्र में पिकनिक मनाने आए थे। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कोतवाली में खड़ा कर दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।







