चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के बोदलपुर गांव में चोरों ने एक बार फिर अपनी सक्रियता दिखाते हुए खड़ी ट्रक का पहिया चुरा लिया। सुबह घटना की जानकारी होते ही वाहन मालिकों और चालकों में हड़कंप मच गया।
बताया जाता है कि ट्रक चालक बालेश्वर ने रात को अपना ट्रक गांव के पास पोखरे के किनारे खड़ा किया था। सुबह जब वह ट्रक के पास पहुंचे तो देखा कि ट्रक का पिछला एक पहिया गायब है। अचानक हुई इस चोरी से वह सकते में आ गए और आसपास के लोगों को सूचना दी।
मौके पर जुटे ग्रामीणों ने भी रात में किसी तरह की हलचल न देखने की बात कही। घटना की सूचना तुरंत नौगढ़ पुलिस को दी गई।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रात्रि गश्त को और कड़ा किया जाएगा ताकि ऐसी घटनाओं की दोबारा न हो सके।







