चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे एक बार फिर अपराध के खुलासे में पुलिस के लिए मददगार साबित हुए हैं। मोबाइल चोरी के एक मामले में आरोपी चोरी किया गया फोन बेचने के इरादे से नौगढ़ बाजार पहुंचा, लेकिन दुकान में लगे कैमरे में उसकी गतिविधि कैद हो गई। इसी फुटेज के आधार पर थाना नौगढ़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 दिसंबर 2025 की रात ग्राम झुमरिया निवासी उदल जब खेत से घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है। इस दौरान उनका मोबाइल फोन, रोटावेटर के तीन गुल्ले, नकदी रुपये तथा बिजली का केबल चोरी हो चुका था। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की।
मामले में नया मोड़ तब आया जब 29 दिसंबर 2025 को चोरी किया गया मोबाइल नौगढ़ की एक मोबाइल दुकान पर बेचने के लिए पीड़ित का पड़ोसी श्यामलाल पहुंचा। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गया। फुटेज सामने आने पर पीड़ित के पुत्र रविशंकर ने आरोपी की पहचान की, जिससे चोरी की कड़ी पूरी तरह जुड़ गई।
मोबाइल को संदेहास्पद मानते हुए दुकानदार ने उसे खरीदने से इनकार कर दिया। दुकानदार की सतर्कता से न केवल चोरी का मोबाइल बिकने से बच गया, बल्कि आरोपी की मौजूदगी का ठोस डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को मिल गया।
थाना नौगढ़ पुलिस के अनुसार पीड़ित की तहरीर और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी निगरानी अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभा रही है।







