अमित मिश्रा
O- नवागत प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने स्पष्ट की प्राथमिकताएं
चोपन (सोनभद्र) । थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए नवागत प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा है कि लॉ एंड ऑर्डर से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बुधवार को थाना परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि कानून का राज हर हाल में कायम रहेगा और कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार, आपराधिक गतिविधियों और समाज में अव्यवस्था फैलाने वाले तत्वों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे सभी लोग जो कानून को चुनौती देने का प्रयास करेंगे, उन्हें चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक प्रार्थना पत्र की तत्काल सुनवाई की जाएगी और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। विशेष रूप से महिला अपराधों को लेकर सख्त रुख अपनाने की बात कहते हुए उन्होंने प्रभावी रोकथाम और संवेदनशील कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने आमजन से भी अपील की कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास ही मजबूत कानून व्यवस्था की नींव है और पुलिस हर समय नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर है।
प्रभारी निरीक्षक के इस स्पष्ट और सख्त संदेश के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सकारात्मक माहौल बनता दिख रहा है।







