चंदौली जिले के नौगढ़-चकिया मुख्य मार्ग पर मिले अज्ञात वृद्ध के शव की आखिरकार पहचान हो गई है। मृतक बिसौली गांव निवासी 65 वर्षीय सुधार राम पुत्र राधे बताए गए हैं, जो करीब एक सप्ताह पहले दवा लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन लौटकर नहीं आए।
बुधवार को जमसोती गांव के पास सड़क किनारे ग्रामीणों ने एक वृद्ध का शव पड़ा देखा था। सूचना पर पहुंची नौगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया था। पहचान न होने के कारण पुलिस लगातार सोशल मीडिया और स्थानीय नेटवर्क के माध्यम से परिजनों की तलाश करती रही।

गुरुवार को मृतक के भतीजे रणबीर कुमार ने मोर्चरी में पहुंचकर शव की शिनाख्त की। रणबीर के अनुसार, सुधार राम पिछले सप्ताह दवा लेने के लिए घर से निकले थे, जिसके बाद से उनकी कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है, और परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच रहे हैं।
नौगढ़ थाना इंचार्ज अभय सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी और काफी खोजबीन के बाद मृतक के परिजनों का पता चल सका। आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।







