चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में सोनभद्र सीमा के पास मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। पंचायत चमेर बांध नई बस्ती निवासी 14 वर्षीय करन की साइकिल को बेलन नदी के पास तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में करन और उसका साथी मौके पर ही दम तोड़ दिए।

करन घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। पांच साल पहले मां का निधन हो चुका था और पिता दूसरी शादी कर अलग हो गए थे। ऐसे में करन ही मजदूरी कर दादा-दादी और बहन का सहारा बना हुआ था।
हिंदवारी के एक रेस्टोरेंट में काम कर वह बहन की शादी के लिए पैसे जोड़ रहा था। करन की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। बहन वंदना का विलाप सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि करन मेहनती और ईमानदार स्वभाव का था, उसकी मौत से पूरा गांव सदमे में है।







