सी एस पाण्डेय
O- मकर संक्रांति पर सामाजिक सौहार्द का संदेश
O- सिंदूर टीका धाम में सामूहिक सहभोज
बभनी (सोनभद्र)। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद अंतर्गत बभनी प्रखंड स्थित सिंदूर टीका धाम में सामाजिक समरसता को सशक्त करने हेतु भव्य सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर एक साथ भोजन कर एकता और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष मनोज पांडे, राकेश रंजन सिंह, प्रखंड उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता, कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख मनीष, जयप्रकाश जयसवाल, ऋषिकेश पांडे सहित विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पारंपरिक खिचड़ी सहित स्थानीय व्यंजनों का सामूहिक रूप से सेवन किया।
आयोजकों ने बताया कि मकर संक्रांति पर सामाजिक समरसता सहभोज की परंपरा समाज में समानता, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को प्रोत्साहित करती है। यह पहल ‘तिल-गुड़ लो और मीठा बोलो’ की भावना के माध्यम से सामाजिक कटुता को दूर कर आपसी अपनत्व बढ़ाने का संदेश देती है।
कार्यक्रम के माध्यम से ‘एकता में शक्ति’ के सिद्धांत को व्यवहार में उतारते हुए एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाते हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाते हैं।
समरसता सहभोज ने यह स्पष्ट किया कि भारतीय सांस्कृतिक परंपराएं विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण हैं और यही परंपराएं सशक्त, समृद्ध तथा समरस राष्ट्र की नींव रखती हैं।







