संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला युवक का शव, क्षेत्र में सनसनी, बहन के घर रहकर करा रहा था इलाज, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के बाघी गांव में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान धीरज यादव (28) पुत्र अमरेश यादव निवासी दीघार, अधौरा थाना क्षेत्र, कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिछले करीब छह माह से अपने जीजा धीरज यादव पुत्र भाईराम यादव के घर बाघी गांव में रहकर पैर की चोट का इलाज करा रहा था। परिजनों के अनुसार उसका जीजा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में तैनात है और वर्तमान में ड्यूटी पर बाहर गया हुआ है। घर में मृतक की बहन सोनी तथा उसके तीन बच्चे ही मौजूद थे।

रविवार सुबह जब सोनी नींद से जागकर कमरे से बाहर निकली तो उसने अपने भाई को सीढ़ी के ऊपर बने कमरे के दरवाजे के हैंडल के सहारे फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही उसके होश उड़ गए और वह चीख-पुकार करने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव तथा क्षेत्राधिकारी नागेंद्र कुमार रावत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

क्षेत्राधिकारी नागेंद्र कुमार रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के कारणों और परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

युवक की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?