चंदौली जिले के नौगढ़ ब्लॉक सभागार में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को कैशलेस हेल्थ कार्ड वितरित किए गए। नौगढ़ ब्लॉक सभागार में मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से किए गए योजना के शुभारंभ का सजीव प्रसारण दिखाया गया, जिसे बड़ी संख्या में उपस्थित शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों ने देखा।

मुख्यमंत्री की औपचारिक घोषणा के बाद, मुख्य अतिथियों ने लाभार्थियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। कार्ड प्राप्त करने वालों में प्रधानाध्यापक महेंद्र देव पांडेय, सहायक अध्यापक विवेक सोमवंशी, शिक्षामित्र कैलाश यादव और अनुदेशक सारिका त्रिपाठी प्रमुख रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण उपहार दिया है। उन्होंने बताया कि अब शिक्षकों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक चिंता नहीं करनी पड़ेगी। सुजीत सभी शिक्षकों से राष्ट्र निर्माण के कार्य में निष्ठापूर्वक लगे रहने का आह्वान किया।
भाजपा नौगढ़ मंडल अध्यक्ष सर्वजीत खरवार ने कहा कि वर्तमान सरकार ने हमेशा शिक्षकों के सम्मान और उनके हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी शिक्षकों के कल्याण के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी।
कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री ने समूह बीमा योजना के तहत शिक्षकों को एक करोड़ रुपये तक की दुर्घटना बीमा सुविधा और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ देने की भी घोषणा की। उपस्थित वक्ताओं ने इस निर्णय को शिक्षकों के हित में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
खंड विकास अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों की लंबे समय से लंबित मांग थी। उन्होंने कहा कि इस योजना से शिक्षक और उनके परिवार आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी आर्थिक बाधा के बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इस कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कनौजिया, ग्राम प्रधान नीलम ओहरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सर्वजीत खरवार, भाजपा मंडल मंत्री अरविंद तिवारी, आरपी संजीव सिंह और अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया और शिक्षा विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।






