चंदौली जिले के नौगढ़ में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत रविवार को नौगढ़ भेड़ फॉर्म मैदान में ग्राम्या संस्थान व पुलिस विभाग चंदौली के संयुक्त तत्वावधान में ‘ खेल महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान को सशक्त करने तथा किशोरियों व महिलाओं को सहभागिता के अवसर प्रदान कर प्रोत्साहित करना महोत्सव का मुख्य उद्देश्य रहा।

महोत्सव के मुख्य अतिथि चकिया विधायक आचार्य कैलाश खरवार रहे। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, सीओ नामेन्द्र कुमार, एसडीएम विकाश मित्तल, तहसीलदार अनुराग सिंह, बीडीओ अमित कुमार , थाना प्रभारी सुरेंद्र यादव सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। मैदान में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, महिला शक्ति क्लब से जुड़ी किशोरियां व ग्राम्या संस्थान की टीम शामिल हुई।

किशोरियों ने गीत गाकर, बैच व टोपी पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। मशाल जलाकर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस दौरान किशोरियों ने आकर्षक पिरामिड बनाकर करतब दिखाए, जिनकी सभी ने तालियां बजाकर सराहना की। खेल प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, कबड्डी, लंबी कूद, गोला फेंक और रस्साकशी में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।

मुख्य अतिथि कैलाश खरवार ने नौगढ़ में समय के साथ हुए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज बेटियां उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के लिए घर से बाहर निकल रही हैं, जो समाज के बदलते दृष्टिकोण का प्रमाण है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने ग्राम्या संस्थान व पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्र की किशोरियों व महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के लिए सभी को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने ब्यूटीशियन और सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त किशोरियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। विभिन्न खेलों की विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल, सर्टिफिकेट और प्रिंटेड मग देकर सम्मानित किया गया। ग्राम्या संस्थान की प्रमुख बिंदु सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नीतू सिंह व सुहानी ने संयुक्त रूप से किया।







