वीरेंद्र कुमार
विढमगंज (सोनभद्र) । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के काशी प्रांत द्वारा आयोजित प्रांतीय अभ्यास वर्ग में सोनभद्र जिले के विंढमगंज क्षेत्र के युवा छात्र नेता अमन जायसवाल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए विभाग संयोजक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र के विद्यार्थियों और परिषद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
मिर्जापुर स्थित लायंस स्कूल, लालडिग्गी में आयोजित अभ्यास वर्ग के दौरान यह घोषणा की गई। अमन जायसवाल मूल रूप से सोनभद्र जिले के विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैयाडिह ग्राम पंचायत के निवासी हैं। परिषद नेतृत्व ने उन्हें विभाग स्तर पर संगठन को मजबूत करने और शिक्षा क्षेत्र में व्यापक जनजागरण अभियान चलाने का दायित्व सौंपा है।
नवनियुक्त विभाग संयोजक अमन जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा व्यवस्था तेजी से बदल रही है और विद्यार्थियों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में विद्यार्थी परिषद छात्र-छात्राओं के हितों की रक्षा, नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया को सुगम बनाने तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए समय-समय पर मार्गदर्शन गोष्ठियों और शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र भी सफलता की राह पर आगे बढ़ सकें। साथ ही सरकार की विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अमन जायसवाल की नियुक्ति को जिले में विद्यार्थी परिषद के संगठनात्मक विस्तार और छात्र हितों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में शिक्षा, छात्र जागरूकता और संगठन विस्तार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे।






