भूत-प्रेत के शक में बेटे ने कर दी पिता की हत्या, गांव में मचा कोहराम

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- पत्नी को संतान न होने का लगाया था पिता पर टोना-टोटका का आरोप, डंडे से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र । जिले के म्योरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आदिवासी बहुल खैराही गांव में अंधविश्वास की वजह से बेटे ने अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी। पूरे गांव में इस सनसनीखेज घटना से मातम पसरा है।

मिली जानकारी के अनुसार, खैराही गांव के पुरान खैराही टोले में रहने वाले 62 वर्षीय राजमन पुत्र स्व. भीख राय की उनके बड़े बेटे रामजतन ने डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि रामजतन की पत्नी को काफी समय से संतान नहीं हो रही थी। इसी को लेकर आरोपी बेटे ने अपने पिता पर भूत-प्रेत और टोना-टोटका करने का आरोप लगाया था।

सूत्रों के मुताबिक, रामजतन किसी ओझा-बाबा के कहने पर इस बात को लेकर पिता से रंजिश रखता था। करीब एक साल पहले भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ था, तब पंचायत में ग्रामीणों ने समझाया-बुझाया था और आरोपी बेटे को सलाह दी थी कि पत्नी का इलाज कराओ। कुछ समय के लिए मामला शांत हो गया था।

एक बार फिर अंधविश्वास ने ली जान

गुरुवार शाम आरोपी बेटे ने फिर से अपने पिता पर भूत लगाने का आरोप लगाया। पहले गाली-गलौज की और उसके बाद लकड़ी के बेंट से हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक वृद्ध राजमन की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी बेटे रामजतन को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

मामले में एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बेटे और पिता में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान बेटे ने लकड़ी के बेंट से हमला कर पिता की हत्या कर दी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

गांव में पसरा मातम, ग्रामीणों में दहशत, घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अंधविश्वास और ओझा-तंत्र-मंत्र के चक्कर में एक परिवार बर्बाद हो गया।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1544
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?