नौगढ़ (चंदौली)। सावन के पावन महीने के पहले सोमवार को नौगढ़ कस्बे स्थित दुर्गा माता मंदिर (पोखरा) परिसर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें मंदिर में नजर आईं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिविधान से पूजा-अर्चना की।

महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने पूरे श्रद्धाभाव से ‘हर हर महादेव’ और ‘बम बम भोले’ के जयघोष के साथ मंदिर परिसर को गुंजायमान कर दिया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, भांग और पुष्प अर्पित कर अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन के हर सोमवार को यहां सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, लेकिन पहले सोमवार पर श्रद्धा और आस्था की विशेष छटा देखने को मिलती है।
श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ को प्रसन्न कर अपने जीवन में सुख-शांति और मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना की।







