डोंगल जमा कर सचिवों का सरकार को संदेश, दुद्धी में आंदोलन तेज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

वीरेंद्र कुमार

O- ऑनलाइन उपस्थिति व अतिरिक्त विभागीय कार्यों के विरोध में ग्राम पंचायत सचिवों का सामूहिक कदम

दुद्धी (सोनभद्र)। प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर विकासखंड दुद्धी में ग्राम पंचायत सचिवों का शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को विकासखंड दुद्धी के समस्त ग्राम पंचायत सचिवों ने सामूहिक रूप से अपना-अपना डी.एस.सी./डोंगल सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) दुद्धी को जमा कर दिया। यह कदम सचिवों ने अपनी लंबित मांगों की अनदेखी के विरोध में उठाया है।

ग्राम पंचायत सचिवों ने बताया कि 1 दिसंबर 2025 से वे सांकेतिक और शांतिपूर्ण सत्याग्रह आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने के साथ-साथ मूल विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य विभागों के कार्य भी उन पर लगातार लादे जा रहे हैं, जिससे कार्यभार अत्यधिक बढ़ गया है। इसके बावजूद उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

सचिवों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देने और अपनी बात रखने के बावजूद न तो उनकी बात सुनी गई और न ही कोई समाधान निकाला गया। इसी उपेक्षा के विरोध में उन्होंने आज सामूहिक रूप से डी.एस.सी./डोंगल जमा कर यह संकेत दिया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और आगे बढ़ाया जा सकता है।

ग्राम पंचायत सचिवों ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत से आग्रह किया है कि वे सभी सचिवों के डोंगल अपने पास सुरक्षित रखते हुए, उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित पत्र उच्च अधिकारियों को प्रेषित करें, ताकि न्यायोचित कार्रवाई हो सके और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान निकल सके।

फिलहाल, सचिवों के इस सामूहिक कदम से पंचायत व्यवस्था से जुड़े कार्यों पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर अब यह देखना अहम होगा कि शासन-प्रशासन इस आंदोलन पर क्या रुख अपनाता है और सचिवों की मांगों को लेकर कब तक कोई ठोस निर्णय लिया जाता है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?