लसड़ा के ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग, बच्चों-बुजुर्गों और बाइक सवारों को हादसे का खतरा
सोनभद्र। सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा लसड़ा के सभी मोहल्ले-टोले में घर-घर तक पेयजल की सुविधा पहुंचाने के लिए हर घर जल निगम, नमामि गंगे विभाग से पानी की पाइपलाइन बिछाने हेतु सड़क की खुदाई की गई थी। पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा होने के बाद सड़क को दोबारा सही तरीके से नहीं बनाया गया है।
इसके कारण सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे ग्रामवासियों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों एवं दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारी को सूचना देते हुए जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त सड़क का जल्द से जल्द निरीक्षण करवाकर उसकी मरम्मत कराने की कृपा करें, ताकि ग्रामवासियों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क को खोद दिया गया, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उसे पहले जैसी स्थिति में नहीं लाया गया। बरसात के बाद स्थिति और खराब हो गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे गिरने और चोटिल होने की आशंका बनी रहती है।
समस्त ग्रामवासी, ग्राम लसड़ा ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क का निरीक्षण कराकर मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।









