आरपी सिंह बोले- गो-तस्करी और मादक पदार्थों पर करें कठोर कार्रवाई, सोशल मीडिया की हो सतत निगरानी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

आईजी विंध्याचल ने की रेंज के एसपी के साथ मासिक समीक्षा बैठक, दिए सख्त निर्देश

सोनभद्र/मीरजापुर। पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर आरपी सिंह द्वारा शुक्रवार को रेंज के समस्त पुलिस अधीक्षकों के साथ गूगल मीट के माध्यम से मासिक समीक्षा बैठक की गई। बैठक में जनपदों में कानून व शांति व्यवस्था सहित अपराध नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा हुई।
आईजी आरपी सिंह ने निर्देश दिया कि लम्बित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण किया जाए। वांछित/पुरस्कार घोषित अभियुक्तों व वारंटियों की गिरफ्तारी, शिकायती प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि संबंधी विवादों का सम्पूर्ण समाधान दिवस पर राजस्व विभाग के सहयोग से निस्तारण कराया जाए।
उन्होंने रात्रि में चौराहे/तिराहे पर चेकिंग करके अपराधियों के संचरण पर रोक लगाने को कहा। पिछले 10 वर्षों में चोरी, लूट व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश दिया। अवैध शराब एवं अवैध शस्त्र रखने वालों व क्रय-विक्रय करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आईजी ने गो-तस्करी, मादक पदार्थों व अवैध शराब की तस्करी की रोकथाम पर जोर दिया। गो-तस्करों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अन्तर्गत प्रभावी कार्यवाही कराते हुए उनके आपराधिक कृत्यों से अर्जित चल/अचल सम्पत्ति को जब्त कराने को कहा। गो-तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को शासनादेश के तहत जब्त कराने के कड़े निर्देश दिए।
सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों ट्वीटर, वाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि की सतत निगरानी रखने को कहा। अफवाह एवं भ्रामक व झूठे संदेश फैलाने सहित शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए।
इसके अलावा पॉक्सो एक्ट सम्बन्धी मुकदमों में अतिशीघ्र विवेचनात्मक कार्यवाही पूर्ण करने, न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर ऑपरेशन कनविक्शन के तहत अधिक से अधिक सजा दिलाने तथा महिला संबंधी अपराधों में त्वरित गति से कठोरतम कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1542
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?