बिजली विभाग की OTS स्कीम या जनता की जेब पर डाका?

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- तीन लाख का बिल, पाँच बल्ब और एक पंखा—जनता का सब्र जवाब दे गया

रामगढ़ (सोनभद्र) । बिजली विभाग की तथाकथित OTS (वन टाइम सेटलमेंट) स्कीम अब जनकल्याण नहीं, बल्कि आम जनता के लिए आर्थिक आतंक बनती जा रही है। हालात इतने भयावह हैं कि घर में पाँच बल्ब और एक टेबल फैन चलाने वाले उपभोक्ताओं के हाथ में तीन-तीन लाख रुपये के बिजली बिल थमा दिए जा रहे हैं।

इसी जनविरोधी व्यवस्था के खिलाफ किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा की जन चौपाल विधानसभा क्षेत्र 401, चतरा ब्लाक के डोमरिया चेरो बस्ती में आयोजित की गई। जन चौपाल को संबोधित करते हुए मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने बिजली विभाग और सरकार पर तीखा हमला बोला।

“यह बिल नहीं, जनता के खून-पसीने की लूट है”

संदीप मिश्रा ने कहा,

“पूरे जनपद में जहाँ भी जाइए, हर घर से एक ही आवाज़ आती है, भैया, बिजली का बिल तीन लाख का आ गया है। सवाल यह है कि आखिर पाँच बल्ब और एक पंखे पर इतना बिल कैसे? यह सीधी-सीधी जनता की जेब पर डाका है।”

उन्होंने सरकार के दावों पर भी सवाल खड़े किए।

“एक तरफ़ सरकार मुफ्त राशन देकर अपनी पीठ थपथपाती है, दूसरी तरफ़ उन्हीं राशन कार्डधारकों के घरों में शोषणकारी बिजली बिल भेजकर उन्हें कर्ज़ में डुबोया जा रहा है। यह कैसा सुशासन है?”

“सत्ता के अहंकार में जनता की चीख अनसुनी”

मोर्चा संयोजक ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग पूरी तरह अहंकार में डूबे हुए हैं और उन्हें आम जनता के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं है।

“जब जनता कराह रही है, तब सरकार और बिजली विभाग आंख मूंदकर बैठे हैं। यह अन्याय अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

मुख्यालय पर होगा बड़ा आंदोलन

संदीप मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि

“आने वाले दिनों में बिजली विभाग की मनमानी और फर्जी बिलिंग के खिलाफ मुख्यालय पर बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। अपने परिवार और जनता का शोषण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।”

सैकड़ों ग्रामीणों ने भरी हुंकार

इस जन चौपाल में प्रद्युम्न बिंद, रामरक्षा बिंद, विनोद चेरो, बाबूलाल चेरो, वकील प्रजापति, विजय जायसवाल, बरमतिया चेरो, फूलवती, आकाश, विजय, शत्रुधन, विवेक, धीरज, अजय सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बिजली विभाग की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए संघर्ष तेज़ करने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

1349
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?