सोनभद्र। अक्षय तृतीया के अवसर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन, सोनभद्र की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक बाल विवाह रुकवाया और नाबालिग बालिका को संरक्षण में लिया। रविवार को टीम को रॉबर्ट्सगंज स्थित दंडईत बाबा मंदिर पर बाल विवाह होने की सूचना मिली। सूचना पर टीम सदस्य अमन सोनकर, सीमा शर्मा, सत्यम चौरसिया एवं धर्मवीर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह द्वारा बालिका के आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में बालिका नाबालिग पाई गई। बालिका ग्राम पगिया, थाना कर्मा तथा बालक ग्राम ऊंची कला, थाना पन्नूगंज का निवासी है।बालिका को संरक्षित करने के प्रयास के दौरान परिजनों एवं उपस्थित लोगों ने विरोध किया और संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो गई। महिला थाना प्रभारी सविता सरोज ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित कर बालिका को सुरक्षित संरक्षण में लिया। चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चाइल्ड हेल्पलाइन ने आमजन से अपील की है कि बाल विवाह की सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें। बाल विवाह कानूनन दंडनीय अपराध है।






