अमित मिश्रा
O- जिले के सभी ब्लॉकों में काली पट्टी बांधकर जताया गया विरोध
सोनभद्र। ऑनलाइन उपस्थिति (मोबाइल एप) और फील्ड इंस्पेक्शन सिस्टम लागू किए जाने के खिलाफ पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति का आंदोलन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। सदर विकासखंड सहित जिले के सभी ब्लॉकों में पंचायत कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया। सदर ब्लॉक के प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज दुबे और पार्थराज ने किया। आंदोलन जिलेभर में समिति के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार के दिशा-निर्देश पर एक साथ संचालित हुआ।
तकनीकी संसाधनों की कमी बताकर उठाई आपत्तियाँ
पंचायत कर्मियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की गंभीर समस्या और तकनीकी संसाधनों की कमी के चलते मोबाइल एप आधारित हाजिरी प्रणाली व्यावहारिक नहीं है। फील्ड में लगातार काम करने वाले कर्मचारियों के लिए यह व्यवस्था नए प्रकार की परेशानी उत्पन्न करेगी और कार्यों की गति भी प्रभावित करेगी।
उन्होंने कहा कि ज्यादातर ग्राम पंचायतों में डिजिटल सुविधाएँ उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे में यह प्रणाली जमीनी वास्तविकता के बिल्कुल विपरीत है।
सदर ब्लॉक अध्यक्ष पार्थराज सिंह ने कहा कि यह व्यवस्था ग्रामीण परिवेश की कार्यप्रणाली के अनुरूप नहीं है और इससे फील्ड कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बढ़ेगा।







