निजी बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, पहचान में जुटी पुलिस

Oplus_16908288

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद के बभनी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। बभनी–अम्बिकापुर मार्ग पर स्टेट बैंक बभनी के समीप अम्बिकापुर जा रही एक निजी बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है। युवक सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी कर रहा था, तभी वह अचानक असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से अम्बिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार निजी बस उसे संभलने का अवसर दिए बिना अपनी चपेट में लेती हुई निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही बभनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य माध्यमों से भी युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। युवक की पहचान होते ही उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी। साथ ही दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक सतर्कता बरतने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर प्रभावी यातायात प्रबंधन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1547
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?